जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले में चल रही कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीआर में स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पूरी व्यवस्था की निगरानी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से करने और यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों की सीधी निगरानी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन को भी गहनता से देखा।
जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के बाद कुछ अंतराल पर ही कुंभ का आयोजन होना है। इसमें जितनी भी खामियां सामने आएं सभी विभाग उसको सूचीबद्ध करेंगे। जिलाधिकारी निर्देशित किया कि अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने भीड़ का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल व संसाधन तैनात करने के निर्देश भी दिए। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को 24 घंटे व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के साथ ही निर्धारित माध्यम से इसकी रिपोर्टर देने के लिए भी कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों को अपने दायित्व के साथ ही अन्य के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करना है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।