हरिद्वार में दिपावली के अवसर पर रंग-बिरंगी लाइटों की रोशनी में जगमगाता डामकोठी के समीप स्थित हनुमान मंदिर।
- फोटो : amarujala
दिवाली के स्वागत को धर्मनगरी दुल्हन की तरह सजी। मठ, मंदिर, आश्रमों से लेकर सरकारी भवन रोशनी से नहाए हुए हैं। पॉश कॉलोनियों से लेकर गली मोहल्लों तक में लोगों के घर रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग रहे। शोरूम व प्रतिष्ठान सप्ताहभर से सजे हुए हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर धर्मनगरी का कोना-कोना रोशन हो उठा।
बाजार में दीपावली की तैयारियां महीनेभर से शुरू हो गई थी। लेकिन पिछले एक हफ्ते से बाजार पूरी तरह दिवाली के रंग में रंगने शुरू हो गए थे। धनतेरस पर बाजारों में बंपर खरीदारी हुई। रविवार को दीपावली के स्वागत के लिए एक दिन पहले यानी शनिवार को छोटी दिवाली पर धर्मनगरी रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग हो गई। हरकीपैड़ी, मंशा देवी, चंडी देवी, मायादेवी, दक्ष प्रजापति, सतीकुंड जैसे पौराणिक स्थलों को दीयों और रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया। कनखल व उत्तरी हरिद्वार में तमाम मठ और आश्रम लाइटों से जगमग रहे। इनके अलावा सीसीआर, डीएम आवास, कलेक्ट्रेट भवन, विकास भवन जैसे सरकारी भवनों और भेल में भव्य सजावट की गई।
मध्य हरिद्वार, कनखल, ज्वालापुर, उत्तरी हरिद्वार, भूपतवाला की पॉश कॉलोनियों और गली मोहल्लों में घर और प्रतिष्ठान लाइटों और फूलों से सजे रहे। भेल टाउनशिप, शिवालिक नगर, सिडकुल की औद्योगिक इकाईयों और के देहात में भी पर्व की पूर्व संध्या पर लाइटों और पारंपरिक दीयों से सजावट की गई।