जिला प्रशासन ने जिला और क्षेत्र पंचायत की सीटों का परिसीमन करने के बाद अनंतिम प्रकाशन कर दिया है। इस बार भी सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अब आठ फरवरी तक कोई भी व्यक्ति आपत्तियां दर्ज कर सकता है।
पंचायतों का कार्यकाल 31 मार्च को पूरा होने जा रहा है। प्रधान और ग्राम पंचायत सीटों के लिए पिछले साल ही परिसीमन किया जा चुका था, लेकिन ढंडेरा, पाड़ली गुर्जर, इमलीखेड़ा और रामपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने के लिए शुरू हुई कवायद के चलते परिसीमन को स्थगित कर दिया गया था। जनवरी से फिर से पंचायत चुनाव को लेकर परिसीमन प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिलाधिकारी सी रवि शंकर ने क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के सीटों की परिसीमन की अनंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी ने बताया कि पिछली बार की तरह ही जिला पंचायत सीटों की संख्या 47 रखी गई है। इनमें बहादराबाद में 12, रुड़की व नारसन नौ-नौ, भगवानपुर में आठ और लक्सर में सात और खानपुर ब्लॉक में दो सीटें शामिल हैं। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सीटों की संख्या भी ज्यों की त्यों रखी गई है। जिसमें खानपुर में 21 व अन्य सभी ब्लॉकों में 40-40 सीटें हैं। जनगणना 2011 के अनुसार ही सीटों का निर्धारण किया गया है। पिछले साल भी इसी जनगणना पर परिसीमन किया गया था। इसलिए सीटों की संख्या नहीं बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि अनंतिम प्रकाशन पर 8 फरवरी तक लिखित रूप में खंड विकास अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय और जिलाधिकारी कार्यालय में आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।