संवाद न्यूज एजेंसी
धनौरी। निकटवर्ती ग्राम कोटा मुरादनगर और जसवावाला के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा नेता मनोज गौतम के नेतृत्व में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने हनुमान मंदिर के निकट नदी में तेजी से हो रहे कटाव की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की।
भाजपा नेता मनोज गौतम ने बताया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने ग्राम तेलीवाला, धनौरी, जसवावाला तथा कोटा मुरादनगर आदि क्षेत्रों में ग्रामीणों से संपर्क किया। इस दौरान ग्रामीणों ने हनुमान मंदिर के पास नदी में तेजी से हो रहे कटाव और उससे उत्पन्न खतरे की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटाव को नहीं रोका गया तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि नदी के कटाव वाले स्थान पर जल्द से जल्द पिचिंग और तटबंध का निर्माण कराकर कटाव को रोका जाए तथा क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। मनोज गौतम ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में सतीश कुमार सैनी, देवेंद्र कुमार सैनी, रूप किशोर जॉनी, सेवाराम भारती सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।