क्षेत्र में राशन वितरण के दौरान कोविड नियम टूट रहे हैं। भीड़ बढ़ने से इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। उधर, कई डीलरों की ओर से अभी तक मुफ्त राशन भी नहीं दिया गया है। इससे लोग दुकानों के चक्कर काट रहे हैं।
सोमवार को कांगड़ी में सस्ती दरों वाले सरकारी राशन का वितरण किया जा रहा था। राशन बंटने की सूचना पर ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए। उन्होंने राशन लेने के चक्कर में न तो शारीरिक दूरी का पालन किया और न ही मास्क लगाए। राशन डीलर की ओर से भी नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा था। उधर, लालढांग के डीलर आशीष नेगी, रसूलपुर गोठ के डीलर देवेंद्र रतूड़ी, लाहड़पुर के डीलर रविंद्र सिंह और कटेबड़ के चंद्रपाल सिंह ने बताया कि जुलाई का राशन वितरित किया जा रहा है, लेकिन मुफ्त वाला राशन गोदामों से नहीं उठाया गया है। मंगलवार को गोदाम से राशन लाकर बांटना शुरू कर दिया जाएगा। मंगोलपुरा के डीलर रामकिशोर ने बताया कि पैसे वाला राशन आ गया है। एक दो दिन में उपभोक्ताओं को वितरित कर दिया जाएगा। उधर, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल का कहना है कि जिन डीलरों ने मुफ्त राशन अभी तक भी नहीं बांटा है। उन्हें हर हाल में एक सप्ताह के भीतर राशन बांटने के निर्देश दिए जाएंगे। वरना उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोविड गाइडलाइन का पालन भी सख्ती से कराया जाएगा।
------
क्षेत्र में नहीं बांटा मुफ्त राशन
पथरी। क्षेत्र में अभी तक किसी राशन डीलर ने मुफ्त राशन का उठान नहीं किया है। पैसों का राशन बांटा जा रहा है। बादशाहपुर के मोहन सिंह, फूलगढ़ के शेषराज, शिवगढ़ के सुशील, बिशनपुर कुंडी के रविंद्र, वन गुर्जर बस्ती के मोहम्मद गनी, नसीरपुर कलां के हमीद, पदार्था के हाजी रानी आदि राशन डीलरों का कहना है कि 20 जुलाई तक मुफ्त राशन का उठान करने के बाद बांटा जाएगा।