पथरी। थाना क्षेत्र के बुक्कनपुर गांव में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक पक्ष ने नाबालिग को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने आरोप लगाया तो दूसरे ने भी हमला करने का आरोप मढ़ा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरमीत कौर पत्नी चमकार सिंह निवासी बुक्कनपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई की शाम वह अपने नाबालिग बेटे मनजोत सिंह के साथ टहलकर लौट रहीं थीं। इसी दौरान पड़ोसी हरप्रीत सिंह, साहब सिंह, सुखविंद्र कौर ने उनके बेटे पर हमला कर दिया।
हरप्रीत सिंह ने मनजोत के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जबकि अन्य ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। जब उन्होंने बेटे को बचाने का प्रयास किया तो साहब सिंह ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। मनजोत सिंह को घसीटते हुए अपने घर में ले गए और 40 मिनट तक कमरे में बंद कर पीटा। कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाई। उसे वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने पहुंचकर उसे मुक्त कराया।
दूसरे पक्ष के हरप्रीत सिंह ने तहरीर में बताया कि 16 मई की शाम गांव के मनजीत, निरभउ और गुरुसाहब, चमकार उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।