हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए जा रहे बुजुर्ग को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। सामने आया कि गूगल मैप के चलते गली से ट्रक चालक बाजार में पहुंच गया था। सीसीटीवी फुटेज में ट्रक तेज रफ्तार से बैक होते हुए बुजुर्ग को कुचलते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार की सुबह की है। जब अंसारी मार्केट स्थित हुसैनिया मस्जिद में सेवा करने वाले करीब 75 वर्षीय नूर मोहम्मद उर्फ नूरा रोजाना की तरह मंगलवार की तड़के मस्जिद जा रहे थे। इस बीच बाजार में पहुंचे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में लेते हुए कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाया।
पुलिस ने ट्रक चालक निवासी पीलीभीत को हिरासत में ले लिया। आसपास के लोगों की मानें तो ट्रक की रफ्तार तेज थी और चालक बाजार के रास्तों से अनजान दिखाई दे रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक गूगल मैप के सहारे चलते हुए गलती से अंदरूनी बाजार में पहुंच गया था। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।