हरिद्वार। कनखल थानाक्षेत्र में दो दिन पहले संदिग्ध हालत में महिला की मौत के मामले में उसके पति ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उसने अपनी पत्नी की पहले पति की बेटी उसके पति, मुंहबोले भाई और एक अन्य युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मृतका की बेटी और उसकी सहेली को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मंगलवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी के निजी चालक रणजीत निवासी जगजीतपुर की पत्नी उषा चौधरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में रणजीत के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में रणजीत ने अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगाते हुए थाना कनखल में चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि सोनिया अपनी मा के साथ प्रापर्टी को लेकर झगड़ा होता था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मृतका के पहले पति की पुत्री सोनिया, उसका पति पुष्पेंद्र, सहेली सारिका एवं मुहबोले भाई प्रशांत के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच कर शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रितेश शाह ने बताया कि मृतका की पुत्री सोनिया और उसकी सहेली सारिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच गहनता से की जा रही है।