हरिद्वार। कई राज्य में ट्रेनों में आगजनी की घटनाओं को अंजाम दे चुके आरोपी सुभाष रामचंद्रन को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर)पर लेने की प्रक्रिया को रेलवे पुलिस ने पुरी पहुंचकर तेज कर दी है। इधर, स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह की ओर से बुधवार देर रात अज्ञात आरोपी के खिलाफ ट्रेन में आगजनी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी रेलवे अरुण मोहन जोशी ने बताया कि पीसीआर में पूछताछ के बाद ही आरोपी के मकसद के बारे में पता चल सकेगा।
चार नवंबर को मेला प्लेटफार्म संख्या नौ पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में आग लग गई थी। आग लगने का कारण साफ नहीं हो सका था। लेकिन दो दिन पूर्व उड़ीसा की पुरी से आई खबर ने रेलवे पुलिस के कान खड़े कर दिए। पुरी पुलिस की गिरफ्त में आए तमिलनाडु के रहने वाले सुभाष रामचंद्र नाम के युवक ने हरिद्वार में बोगी में आग लगाने की बात कबूली है, इस घटना को उसने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था। यह जानकारी मिलते ही जीआरपी की एक टीम पुरी रवाना हो गई थी। एसपी रेलवे अरुण मोहन जोशी ने बताया कि आरोपी सुभाष रामचंद्रन ने ही कई राज्य में ट्रेनों में आगजनी की घटनाओं को दिया है, यह जानकारी पुरी पुलिस ने दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेंगे।