हरिद्वार। ज्वालापुर के सुभाषनगर में मामूली विवाद में एक परिवार को दबंग युवकों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने दो हमलावर दबोच लिए। युवकों की दबंगई पर लगाम कसने की मांग को लेकर क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में कोतवाली भी पहुंचे। पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घटना बृहस्पतिवार देर शाम की है। मूल रुप से यूपी के गांव नगला देहाती फिरोजाबाद के रहने वाले ललित सिंह यहां किराये के मकान में रहते हैं। पेशे से सब्जी विक्रेता ललित का साला भी पड़ोस में अंडे की ठेली लगाता है। आरोप है कि शाम के वक्त किसी ने ठेली पर पत्थर मारकर अंडा फोड़ दिया। दुकानदार मुकेश ने जब गाली देने शुरू की तब एक युवक ने उसके साथ अभद्रता कर दी। फिर कुछ देर बाद आठ दस की संख्या में पहुंचे युवकों ने अंडे विक्रेता मुकेश को पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव में उसके जीजा ललित सिंह, बेटा नवीन भी आए तो उन्हें भी नहीं बख्शा। परिवार की महिलाओं से भी मारपीट की गई। भीड़ एकत्र होने पर हमलावर भाग निकलने में कामयाब रहे। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हमलावर तरुण शर्मा एवं सुरेश मोहन को पकड़ लिया लेकिन अन्य हत्थे नहीं चढ़ पाए। देर रात ही सब्जी विक्रेता ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया। इधर, शुक्रवार सुबह कांग्रेसी नेता किरण सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह रावत से मिलने पहुंचे। बताया कि युवक अक्सर दबंगई दिखाते रहते है और हर किसी को डराते धमकाते है। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
--------
टाइगर नाम से बनाया गैंग
हरिद्वार। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को बताया कि युवकों ने टाइगर गैंग के नाम से एक संगठन बनाया हुआ है। ये पूरे क्षेत्र में एक्टिव है ओर अपनी मनमानी करते है। एक ज्वैलर्स की दुकान पर इनका जमावड़ा रहता है और नशीले पदार्थों का भी सेवन उसी दुकान पर होता है। कोवताली प्रभारी ने आश्वास्त किया कि वे कार्रवाई करेंगे।