गुजरात पुलिस की एक टीम ने एसओजी रुड़की व कलियर पुलिस के साथ मिलकर कलियर के एक गेस्ट हाउस में दबिश दी। टीम ने एक स्थानीय युवक समेत चार संदिग्धों को भी हिरासत में ले लिया।
देर रात तक चारों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही थी। छापेमारी से गेस्ट हाउसों में हड़कंप मचा रहा।
गुजरात के सूरत से पुलिस टीम मंगलवार देर शाम रुड़की पहुंची।
यहां से एसओजी और फिर कलियर थानेे से सादी वर्दी में स्थानीय गेस्ट में छापा मारा। बताया गया है कि सूरत में एक डबल मर्डर के आरोपियों को सर्विलांस के जरिए मिले सुराग के बाद उन्हें यहां तलाशती हुई पहुंची थी।
हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि दोहरे हत्याकांड के अलावा किसी और मामले में भी अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। देर रात तक पुलिस टीम यहां से हिरासत में लिए गए चार संदिग्धों से पूछताछ में जुटी थी। सीओ रुड़की कुलदीप असवाल ने बताया कि सूरत से एक पुलिस टीम कलियर में दोहरे हत्याकांड में पहुंची थी। पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।