लक्सर। प्रेमिका ने प्रेमी के घर पर जाकर प्रेमी से विवाह करने की जिद करते हुए जमकर हंगामा काटा। हंगामे के चलते पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस युवती को लेकर कोतवाली पहुंची। बाद में पुलिस ने युवती को भविष्य में ऐसी गलती न करने की हिदायत देते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
लक्सर कस्बे के एक समुदाय की युवती का दूसरे समुदाय के लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब दस दिन पहले युवती युवक के साथ घर से फरार हो गई थी। मामले में युवती के परिजनाें ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने युवक की काल डिटेल के आधार पर दोनों को मुजफ्फरनगर से बरामद किया था। जिसके बाद उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां पर युवती ने बयान देते हुए कहा था कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ घूमने गई थी। जिस पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द किया था और युवक को भविष्य में ऐसी गलती न करने की सख्त हिदायत देते हुए उसे भी परिजनों के सुपुर्द किया था। मामले के बाद से ही युवक कस्बे न रहते हुए बाहर किसी रिश्तेदार के यहां रह रहा है। मंगलवार को युवती युवक के घर पहुंच गई और युवक से शादी करने की जिद को लेकर हंगामा करने लगी। लोगों ने युवती को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन युवती ने किसी की नहीं सुनी। युवती का हंगामा बढ़ता देख युवक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को लेकर कोतवाली पहुंची। जिसके बाद कुछ मुअज्जिज व्यक्ति के साथ युवती के परिजन कोतवाली पहुंचे और युवती को समझाते हुए अपने साथ ले गए है। कोतवाली जयदेव सिंह आर्य का कहना है कि युवती समझाने के बाद परिजनों संग चली गई है। यदि युवती दोबारा ऐसी गलती करती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।