छापुर गांव के पूर्व प्रधान के कारोबारी बेटे को हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। हमलावर दुकान में सामान लेने के बहाने से आए थे। हाथ में गोली लगने से कारोबारी घायल हो गया। कारोबारी ने भी अपने बचाव को लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। जिसके बाद हमलावर भाग खड़े हुए। घटना की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
छापुर गांव के पूर्व प्रधान यामिन के पुत्र मोहम्मद आबिद की चौल्ली गांव के बस अड्डे में ही परचून की दुकान है। बुधवार की रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो युवक वहां पर आए। एक युवक ने कारोबारी को सामान की पर्ची थमाते हुए सामान निकालने को कहा। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने तमंचे से गोली चला दी। हथेली में गोली लगने से कारोबारी घायल हो गया।
एकाएक हुए हमले के बाद कारोबारी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायर किए। जिसके बाद आरोपी भाग खड़े हुए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल को अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की माने तो मामला रंजिशन लग रहा है।