सुल्तानपुर क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आनन फानन में ससुरालियों ने महिला को श्मशान घाट ले गए। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी महिलाओं के साथ वहां पहुंच गए।
मायके पक्ष के लोगों ने शव को चिता से निकाल लिया। इस पर वहां मौजूद ससुरालियों और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए शव को दोबारा चिता में रखकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने ऐसे किसी मामले की तहरीर मिलने से इंकार किया है।
क्षेत्र के एक गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शाम के समय परिजन शव को लेकर श्मशान घाट गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे।
इसी बीच मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब मायके पक्ष के लोग महिलाओं को साथ वहां पहुंच गए। बताया गया है कि मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए अंतिम संस्कार करने का विरोध किया। इतना नहीं शव को चिता में से उठा लिया और चिकित्सक के यहां जांच के लिए ले जाने लगे। इसी बीच ससुरालियों और ग्रामीणों ने मायके पक्ष के लोगों का विरोध किया। बताया गया है कि मायके पक्ष की महिलाओं के साथ मारपीट भी हुई। जिसके बाद शव को दोबारा चिता में रखकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि पुलिस इस तरह की घटना की जानकारी होने से इंकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।