गैंगवार का आरोपी अमित उर्फ भूरा एक माह बाद भी पेशी पर रुड़की नहीं आ पाया
है। उसे पंजाब की पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे रुड़की पेशी पर
भेजने के लिए पुलिस ने अब मकोका कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। भूरा इस
समय मकोका के तहत तिहाड़ जेल दिल्ली में बंद है।
पांच अगस्त को रुड़की
उप कारागार के मेनगेट पर हुए गैंगवार की वारदात में शामिल रहे अमित उर्फ
भूरा की अभी तक रुड़की कोर्ट में एक बार भी पेशी नहीं हो सकी है। रुड़की
पुलिस ने गैंगवार के बाद भूरा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था,
लेकिन भूरा बागपत में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था।
करीब डेढ़ माह पूर्व पंजाब की पटियाला पुलिस ने अमित उर्फ भूरा को
गिरफ्तार किया था। उस समय से अब तक भूरा रुड़की पेशी पर नहीं आ पाया है।
गैंगवार मामले की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर जयदेव आर्य ने बताया कि भूरा
को रुड़की पेशी पर भेजने के लिए मकोका कोर्ट में प्रार्थना पत्र भेजा गया
है।
पेश नहीं हुआ तो होगी कुर्की
रुड़की। गैंगवार
मामले की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर जयदेव आर्य ने बताया कि बंदी रक्षक
आनंद प्रकाश को कोर्ट ने पेश होने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया था, लेकिन
वह कोर्ट में पेश नहीं हो सका। अब कोर्ट ने उसे पेश होने के लिए एक सप्ताह
का और समय दिया है। यदि वह एक सप्ताह में पेश नहीं होता है तो उसके घर
कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।