दो दिन से टाउन फीडर के जर्जर विद्युत तारों के बदलने का काम जारी है। फिलहाल इसकी जगह नए तार और ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इसके चलते आधे शहर के लोगों को बिजली की सप्लाई नहीं दी जा सकी। जिससे जहां दिनभर लोग गर्मी से कराहते रहे, वहीं पेयजल के लिए भी लोगों को भटकना पड़ा।
ज्ञात हो कि इन दिनों रहुनियां पुलिस चौकी से कालपी चौराहे तक 11 हजार वोल्टेज की लाइन के जर्जर तारों को बदलने का कार्य चल रहा है। साथ ही सेक्टर वाइज लोड कम करने व उपभोक्ताओं को अच्छा वोल्टेज देने के प्रयास जारी है।
इसके लिए जगह-जगह ट्रांसफार्मर लगाए जाने का काम तेज है। गुरुवार से शुरू किए कार्य से टाउन फीडर से जुुड़े रहुनियां धर्मशाला, पशुचिकित्सालय, मिश्राना, ओमर नगर, हाथी दरवाजा, कालपी चौराहा, सैय्यदवाडा, गौरादेवी, नईबस्ती, कजियाना, पुराना यमुनाघाट आदि मोहल्लों के लोगों को दिन में बिजली की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
जिससे दिन भर लोग गर्मी से बेहाल रहे। हालात तब खराब हुए जब बिजली न रहने से कारण लोगों को पेयजल के लिए जूझना पड़ा। गौरतलब हो कि मुख्यालय नहीं पूरे जिले की पेयजल व्यवस्था बिजली पर ही आधारित है।
शुक्रवार को सुबह 7 बजे गायब हुई बिजली शाम तक नहीं आई। जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए हैंडपंपों में लाइन लगानी पड़ी। अवर अभियंता जगदीश प्रसाद ने बताया कि रहुनियां चौकी से कालपी चौराहे तक हाईटेंशन लाइन के तार बदले जा रहे हैं। जिससे यह दिक्कत आई।
उन्होंने कहा कि सोमवार से एक सप्ताह तक तारों के बदलने का कार्य सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।