हरिद्वार।
देहरादून के युवक वीरेंद्र गुसाई के कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी ज्वालापुर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। युवक वीरेंद्र का दोस्त बताया जा रहा है।
मालूम हो कि नौ मई को सदानंद मार्ग नत्थुवाला रायपुर देहरादून के वीरेंद्र पुत्र उदय सिंह गुंसाई का शव नया गांव मार्ग पर झाड़ियों में मिला था। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार करने की पुष्टि हुई थी। युवक की शिनाख्त नहीं होेने पर पुलिस ने लावारिस में उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। तीन दिन पहले कोतवाली ज्वालापुर पहुंची वीरेंद्र की मां ने फोटो के आधार पर उसकी पहचान की थी। वीरेंद्र की मां लक्ष्मी ने बताया था कि वह किसी ट्रेवल एजेंसी में काम करता था। सात मई को उनकी मोबाइल से उससे बात हुई। आठ मई से उसका मोबाइल स्विच आफ आ रहा था। ज्वालापुर पुलिस ने जब मृतक वीरेंद्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकार्ड निकाली तो कनखल के गांव जगजीतपुर के युवक के साथ लंबी बातचीत होना सामने आया। उसी के आधार पर पुलिस ने रविवार को युवक को हिरासत में ले लिया। पेशे से फैक्ट्री कर्मी युवक से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि युवक से फिलहाल पूछताछ कर रहे हैं। कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने नहीं आया है।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के पास शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सूरज पुत्र मंगल निवासी पुरकाजी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। परिजन के आने पर पता चल सकेगा कि युवक यहां क्या करने आया था। बताया कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हुई है, इस संबंध में जांच कर रहे हैं।