अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
ज्वालापुर क्षेत्र की एक महिला चिकित्सक ने लाइफ लाइन जिम के संचालक मिंटी शर्मा पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि जिम संचालक विरोध करने पर उसे एवं उसके परिवार की हत्या करवा देने की धमकी भी दे रहा था। पुलिस आरोपी जिम संचालक की धरपकड़ के प्रयास में जुट गई है।
क्षेत्र की रहने वाली एक महिला चिकित्सक लाइफ लाइन जिम में व्यायाम करने जाती थीं। आरोप है कि उस दौरान जिम संचालक मिंटी शर्मा गलत ढंग से उसे छूते हुए अश्लील बातें करता था। आरोप है कि विरोध करने पर हत्या की धमकी दी जाती थी। महिला चिकित्सक के जिम जाना छोड़ने पर जिम संचालक उसका पीछा करने लगा। सरेराह गाली गलौज करते हुए अश्लील टिप्पणी करने लगा। यही नहीं अलग- अलग मोबाइल फोन नंबरों से कॉल कर अश्लील बातें करता रहा। आरोप है कि जिम संचालक ने उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ी भी की। विरोध करने पर हत्या की धमकी देकर चला गया। महिला चिकित्सक का आरोप है कि जिम संचालक उसे एवं उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहा है और उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि जिम संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसके धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। महिला के पति और ससुर भी पेशे से चिकित्सक है।