अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रेलवे में खुद को क्लर्क बताकर शादी की योजना बना रहे शातिर की असलियत से पर्दा उठने पर उसने महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला के परिजनों ने फर्जी रेलवे कर्मी की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर ज्वालापुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ज्वालापुर क्षेत्र के गांव सीतापुर की रहने वाली तलाकशुदा एक महिला की मुलाकात किसी मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत करने के दौरान हिमाचल प्रदेश के कल्लू जिले के निवासी दिनेश गौड़ से हुई थी। खुद को रेल मंडल मुरादाबाद में लिपिक के तौर पर कार्यरत बता रहे दिनेश ने महिला से कहा था कि उसकी बीवी की मौत हो चुकी है। धीरे- धीरे मोबाइल पर उनकी बातचीत का सिलसिला चलता रहा। इसी दौरान युवक ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने भी हामी भर दी और परिजनों से भी युवक की मुलाकात करा दी। लंबा समय बीतने पर भी युवक ने अपने परिजनों से मुलाकात नहीं कराई। संदेह होने पर जब युवक के बारे में मालूमात करने पर पता चला कि वह रेलवे में तैनात नहीं है और उसकी बीवी और दो बच्चे भी है। ऐसे में महिला के परिजनों ने उसे भविष्य में उनसे संपर्क न करने की बात कही थी।
आरोप है कि मना करने के बावजूद आरोपी रविवार को महिला के घर जा पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। परिजनों ने आरोपी की पकड़कर ध्ुानाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले आई। एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि आरोपी दिनेश गौड़ पुत्र दीपदयाल निवासी कुल्लू हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।