ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर
हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग शिकंजा नहीं कस रहा है। खुलेआम उत्तराखंड से यूपी के बिजनौर जिले में ओवरलोड खनन सामग्री ले जाने वाले वाहन चालकों को किसी का डर भी नहीं है।
सूत्रों की मानें तो खनन सामग्री को डंपरों और ट्रकों को ओवरलोड कर ले जाने वाले खनन सामग्री का कार्य करने वालों की बॉर्डर और ठहराव पर मिलीभगत है। इसीलिए ओवरलोड खनन सामग्री वाले ट्रक और डंपरों को रोकने वाला कोई नहीं है, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं। रात को इन ओवरलोड डंपरों से दोपहिया वाहनों और कारों को खनन सामग्री गिरने का खतरा रहता है। नियमों को ताक पर रखकर ओवरलोड खनन सामग्री वाले डंपर और ट्रक चालक सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। चंडीघाट चौकी से लेकर चिड़ियापुर चेकपोस्ट तक जगह-जगह पुलिस के चेक पोस्ट और चिड़ियापुर में परिवहन विभाग का चेक पोस्ट भी है, लेकिन इसके बावजूद ओवरलोड वाहनों पर कोई शिकंजा नहीं कसा जा रहा, जिससे आए दिन छोटे वाहन चालकों में हादसे की आशंका रहती है। वहीं, श्यामपुर थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह का कहना है कि ओवरलोड वाहन के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत पर सड़क पर ओवरलोड वाहन चलने नहीं दिए जाएंगे।