कोतवाली पुलिस पर फिर लगे आरोप
आरोप: अपराधियों की तहरीर पर दर्ज किया रंगदारी का मुकदमा
पुलिस अधीक्षक को शिकायतीपत्र सौंप की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर कोतवाली एक बार फिर आरोपों के घेरे में आ गई है। जहां जिला अस्पताल में ड्राइवर के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपी बने अपराधियों की तहरीर पर ड्राइवर पर ही रंगदारी का मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित ड्राइवर की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कोतवाली पुलिस पर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
चालक भवानी यादव की पत्नी रजनी यादव ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ मुहल्ला चांदमारी में रहती है। मुहल्ले में रहने वाले दबंग आरोपी देवेंद्र सिंह, बृजेंद्र सिंह यादव जिन पर कई आपराधिक मामले दर्ज है। 19 अक्टूबर की रात आरोपियों ने पीड़िता के पति पर जानलेवा हमला करते हुए मारपीट कर दी। इसकी शिकायत पुलिस से की तो पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, पीड़िता का आरोप है कि मामले के आरोपियों ने कोतवाली पुलिस से सांठगांठ कर उसके पति पर अन्य लोगों के खिलाफ भी रंगदारी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करवा दिया। इससे आरोपी मुकदमे में राजीनामा का दबाव बना सकें। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालियां निशान लगाते हुए एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर पति पर दर्ज मुकदमे को खत्म करने की मांग की है। अन्यथा की स्थिति में पीड़िता ने परिवार सहित आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ जमीनों पर अवैध कब्जा करना, मारपीट करना समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।