अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
पुराने रानीपुर मोड़ के पास दूध की डेयरी की आड़ में शराब का ठेका चलता पाया गया। जिलाधिकारी दीपक रावत के छापे मारने से यह खुलासा हुआ। अंग्रेजी शराब बेच रहे डेयरी मालिक एवं खरीददार को डीएम ने रंगे हाथ दबोचा। डीएम की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंच मच गया। दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जिलाधिकारी दीपक रावत को सूचना मिली कि शहर के बीचोबीच स्थित दूध की डेयरी पर अंग्रेजी शराब बेची जा रही है। जिस पर डीएम बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे अपने सरकारी वाहन को दूर खड़ा कर सीधे डेयरी पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि डेयरी मालिक शंकर एक व्यक्ति को अंग्रेजी शराब का पव्वा दे रहा था। डीएम ने तुरंत उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान पूछताछ में पता चला कि दूध के कारोबार की आड़ में शराब का यह गोरखधंधा काफी समय से चल रहा है। एक- दो बार पहले भी छापा पड़ने के बाद भी डेयरी मालिक ने यह गोरखधंधा बंद नहीं किया।
डीएम के डेयरी पर छापे की खबर मिलते ही पुलिस दौड़कर मौके पर पहुंची। डीएम ने डेयरी मालिक एवं खरीददार को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि डेयरी स्वामी शंकर पुत्र रामकुमार और खरीददार सुनील पुत्र हुकम सिंह निवासी गाजीवाली श्यामपुर को गिरफ्तार किया गया है। दुकान की तलाशी लेने पर केवल एक ही पव्वा बरामद हुआ। बताया गया कि डेयरी मालिक शराब का स्टॉक कहीं ओर रखता है। ग्राहक के आने पर वह फोन करके मांग के अनुसार ही शराब मंगाता है। पुलिस के अनुसार पूर्व में भी डेयरी स्वामी अंग्रेजी शराब की तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है।