हरिद्वार। भेल सहित सिडकुल की फैक्ट्रियों में स्क्रैप दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गैंग ने एक व्यक्ति को अपने जाल में फांस कर उसे फैक्ट्री से लोहा दिलाने के नाम पर साढ़े सात लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित के रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ज्वालापुर बकरा मार्केट कड़च्छ निवासी फिरोज अहमद पुत्र अब्दुल हमीद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके घर से कुछ दूरी पर मोहल्ला तेलियान में रहने वाले सोनू उर्फ मुजम्मिल पुत्र तासीन से उसकी जान पहचान थी। सोनू ने उसे बताया कि वह स्क्रैप का कारोबार करता और उसे भी रुपये लगाने को प्रेरित किया। सोनू ने फिरोज की मुलाकात राम रहीम कॉलोनी निवासी मोबीन पुत्र रशीद से कराई। दोनों ने झांसे में लेकर उससे कुल साढ़े सात लाख रुपये ठग लिए। फिरोज ने बताया कि दो लाख रुपये सोनू ने अपने ससुर इकराम को दिलवाए थे। लेकिन दोनों ने स्क्रैप नहीं दिलाया और उसके पैसे भी नहीं लौटाए। जबकि उसने ब्याज पर पैसे उधार लेकर सोनू व मोबीन को दिए थे। अब पैसे मांगने पर गाली गलौच व धमकी दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।