ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
ज्वालापुर रेलवे स्टेशन से चंद कदम की दूरी पर एक रेडीमेड गारमेंटस की दुकान में घुसे चोरों ने नकदी उड़ा दी। चोरों ने दुकान का पूरा सामान भी बर्बाद कर दिया। वारदात से व्यापारी वर्ग में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
रेलवे स्टेशन मार्ग पर सदगुरु गारमेंटस है। रोजाना की तरह कनखल निवासी दुकान मालिक गगन वाधवा दुकान खोलने पहुंचे। शटर उठाया तो दुकान के अंदर पूरा सामान बिखरा देख उन्हें होश उड़ गए। पिछले हिस्से की खिड़की के नीचे की दीवार टूटी थी। काउंटर और शीशे भी टूटे थे। गल्ले के अलावा उस काउंटर में बनी हर दराज क्षतिग्रस्त थी और गल्ले से हजारों रुपये गायब थे। देखते ही देखते लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। पड़ताल में सामने आया कि पिछले हिस्से से दीवार तोड़कर चोर दाखिल हुए थे और वारदात को अंजाम देकर निकल गए। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फिसड्डी साबित हुई रेल चौकी पुलिस
रेल चौकी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह से फिसड्डी है। पहले भी एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने अपनी दुकान में चोरी होने से बचा ली थी। पास के ही एक होटल में पुलिसकर्मी सो रहे थे। वह घटना तड़के चार बज की थी। उसी मार्ग दोबारा चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। लेकिन रेल चौकी पुलिस का अता पता ही नहीं है। पूर्व पार्षद और नवदुर्गा व्यापार मंडल के अध्यक्ष रवि धींगड़ा की मानें तो पुलिस से कई बार गश्त व्यवस्था को चौकस करने का आग्रह किया गया लेकिन पुलिस अंजान बनी रही। उसका खामियाजा व्यापारी वर्ग को जमा पूंजी लुटवा कर भुगतना पड़ रहा है।