अपने देवर के साथ बाइक से निकली एक महिला व उसकी पांच वर्षीया बेटी को कस्बा स्थित एक भीड़ भरे चौराहे पर एक ट्रक ने कुचल दिया। इसमें मां व बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
रविवार की देर शाम कस्बा करनैलगंज के भैरोनाथ पुरवा मोहल्ला निवासिनी गजाला (36) पत्नी रईश अहमद अपनी पांच वर्षीया बेटी निदा फातिमा को साथ लेकर देवर मोहम्मद उबैस के साथ कटरा बाजार रोड स्थित बाबा शहीद मर्द की मजार की ओर बाइक से जा रही थी।
ये तीनों लोग कटरा बाजार रोड स्थित यतीम खाना चौराहे पर पहुंचे ही थी कि सामने से कटरा बाजार की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर पीछे बैठी गजाला व उसकी मासूम बेटी निदा फातिमा ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए। इसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
युवक गंभीर रूप से घायल हो गया उसे सीएचसी करनैलगंज में भर्ती कराया गया है। मौके से ट्रक चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक को आग के हवाले करने का प्रयास किया लेकिन तबतक पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और परिजनों को समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।