अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। जिला अस्पताल में मेडिकल प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर एक फार्मेसिस्ट का सरेआम रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है। फार्मेसिस्ट ने 450 रुपये लिए है। जिला अस्पताल प्रबंधक पहले तो मामले में अनजान बना रहा, लेकिन वीडियो दिखाने पर सीएमएस ने संबंधित फार्मेसिस्ट से स्पष्टीकरण लेने की बात कही है।
जिला अस्पताल में तैनात फार्मेसिस्ट बीसी शर्मा की मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए पैसे लेने का वीडियो वायरल हुआ है। इमरजेंसी में तैनात फार्मेसिस्ट ने एक बच्चे का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए उसके पिता से रिश्वत की मांग की। वीडियो में साफ दिख रहा है कि फार्मेसिस्ट ने इमरजेंसी के साथ अटैच रूम में इंजेक्शन डोर के पीछे रुपये लिए हैं। फार्मेसिस्ट ने रुपये लेने के बाद पहले गिने और फिर अपनी पेंट की जेब में रखे हैं। लेनदेन के बाद फार्मेसिस्ट इमरजेंसी कक्ष में अपनी कुर्सी पर जाकर बैठ गया।
वर्जन
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में फार्मेसिस्ट द्वारा रुपये लेने का मामला सामने आया है। संबंधित फार्मेसिस्ट से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी।- डा. आरती ढोंडियाल, सीएमएस, जिला अस्पताल।
जिला अस्तपाल हो या कोई भी सरकारी कार्यालय, रिश्वत लेकर कार्य करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। सीधे सस्पेंड किया जाएगा। जिला अस्पताल में रिश्वत लेेने संबंधित वीडियो मामले में पूरी जांच कराकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई होगी।
- दीपक रावत, जिलाधिकारी।