भिकियासैंण/अल्मोड़ा। स्याल्दे क्षेत्र निवासी मदन राम की बुधवार संदिग्धावस्था में हुई मौत के मामले को क्षेत्र की एक युवती की शादी से जोड़कर देखा जा रहा है। क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि बिचौलियों ने लेनदेन करके युवती की जबरन मेरठ में एक व्यक्ति से शादी कर दी गई। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। इधर एसडीएम ने बताया है कि गांव लौटने के बाद शुक्रवार को युवती के बयान लिए गए लेकिन उसने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। एसडीएम ने बताया है कि शनिवार को ग्राम प्रधान और गांव के अन्य जिम्मेदार लोगों के समक्ष युवती के बयान लिए जाएंगे। युवती के बयानों के बाद ही मामले में कार्रवाई होगी।
बता दें कि बुधवार को स्याल्दे क्षेत्र निवासी मदन राम का शव क्षेत्र में एक मंदिर के पास पड़ा मिला। बताया गया है कि कुछ लोगों ने मदन राम पर क्षेत्र के एक गांव की एक युवती की शादी को लेकर बिचौलिये की भूमिका अपनाने का आरोप लगाया था। इसके बाद राजस्व पुलिस ने उससे पूछताछ की थी। उसके बाद मदन राम की संदिग्ध मौत हो गई थी। बताया गया है कि युवती के पिता की मौजूदगी में युवती की मेरठ में एक व्यक्ति के साथ शादी करने का प्रयास किया गया लेकिन बताया गया है कि युवती ने शादी से इंकार कर दिया। साथ ही पूर्व में कुछ लोगों पर पैसे लेकर शादी करवाने का जुबानी आरोप भी लगाया था।
इधर एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पूर्व में यह सूचना मिली थी कि क्षेत्र किसी नाबालिग लड़की की शादी करवाई जा रही है लेकिन बाद में पता लगा कि लड़की बालिग है। उन्होंने बताया कि युवती मेरठ से अपने गांव लौट चुकी है और शुक्रवार को राजस्व पुलिस कर्मियों को दिए बयानों में उसने किसी पर जबरन शादी कराने के आरोप नहीं लगाए हैं। एसडीएम ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है। शनिवार को राजस्व पुलिस की टीम ग्राम प्रधान और गांव के जिम्मेदार लोगों के सामने युवती के एक बार फिर बयान लेगी। युवती के बयानों के आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी मामला अस्पष्ट है और युवती के बयान के बाद ही इस मामले का खुलासा हो सकेगा।