हरिद्वार। पंतद्वीप पार्किंग में खड़ी गुड़गांव के यात्री परिवार की कार से चार मोबाइल, एक डिजिटल कैमरा एवं तीस हजार की रकम उड़ा ली गई। पार्किंग कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम न होने पर रोड़ी बेलवाला चौकी पुलिस ने पार्किंग प्रबंधक को नोटिस भेजने की तैयारी कर ली है।
हरियाणा के गांव झड़का सदर गुड़गांव निवासी नवीन पुत्र मोहन सिंह पेशे से होटल व्यवसायी है। शनिवार की सुबह वह अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। उन्होंने अपनी कार पंतद्वीप पार्किंग में सुबह करीब आठ बजे पार्क की थी और जब वह करीब पौने दस बजे वापस लौटे तो देखा कि कार की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। कार के अंदर रखे चार मोबाइल, एक डिजिटल कैमरा और तीस हजार की रकम गायब थी। घटना की सूचना मिलने पर रोड़ी बेलवाला चौकी प्रभारी ठाकुर सिंह रावत ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि पार्किंग के अंदर सुरक्षा के बिलकुल भी इंतजाम नहीं है। पार्किंग प्रबंधन को नोटिस भेजकर इस संबंध में जवाब मांगा गया है। जवाब यदि संतोषजनक नहीं हुआ तो पार्किंग प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई होना तय है। वहीं पीड़ितों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।