हरिद्वार। पुलिस की वर्दी पहनकर घूमना एक महिला को भारी पड़ गया। पति ने ही उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। ज्वालापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के रहने वाले रोहित सचदेवा पुत्र हुकुमचंद निवासी आर्यनगर ने शुक्रवार को अपनी पत्नी निशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह उत्तराखंड पुलिस के इंसपेक्टर की वर्दी पहन कर घूमती है। आरोप है कि ससुर ने उसके उत्तराखंड पुलिस में तैनात होना बताया था, जबकि वह पुलिस में नहीं है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पति की शिकायत पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बताया कि दंपति के बीच कोर्ट में वाद विचाराधीन है। महिला का मायका चोपड़ा भवन सप्तऋषि भूपतवाला है, जिसके पिता राजवीर सिंह व्यापारी हैं। दंपति लंबे समय से अलग रह रहे हैं। बताया कि मामले की गहनता से जांच कर रहे है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।