ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
छात्रवृत्ति घोटाले में फरार चल रहे आईपीएस कालेज के प्रबंधक विवेक शर्मा के हत्थे न चढ़ने पर एसआईटी ने कुर्की की कार्रवाई तेज कर दी है। कोर्ट से कुर्की नोटिस जारी होने पर एसआईटी ने शुक्रवार को आईपीएस कालेज पहुंचकर मुनादी करते हुए कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया।
एसआईटी ने करीब सवा छह करोड़ की छात्रवृत्ति हड़प लेने के मामले में आईपीएस कालेज के निदेशक अंकुर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था जबकि उसका भाई कालेज प्रबंधक विवेक शर्मा हत्थे नहीं चढ़ सका था। एसआईटी ने प्रबंधक विवेक शर्मा का कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया था लेकिन कई संभावित स्थानों पर दी गई दबिश के बावजूद भी वह हाथ नहीं आ सका था। आरोपी प्रबंधक के हत्थे न चढ़ने पर एसआईटी ने कुर्की की एक्सरसाइज तेज कर दी है। शुक्रवार को एसआईटी ने आईपीएस कालेज पहुंचकर बाकायदा मुनादी कराई और फिर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया। एसआईटी प्रमुख मंजूनाथ टीसी ने बताया कि कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया गया है। यदि फिर भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ता है तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पूरे कालेज की कुर्की की जाएगी। जल्द ही कोर्ट से कुर्की वारंट हासिल कर लिया जाएगा।