श्री रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में जरूरतमंदों को राशन देते जिलाधिकारी सी रविशंकर और एसएसपी ।
- फोटो : HARIDWAR
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि हरिद्वार की जनता ने जिस तरह से अनुशासन और धैर्य के साथ लॉकडाउन का पालन कराने में सहयोग किया है, वह अनुकरणीय है। आमजन के सहयोग का परिणाम है कि हरिद्वार कोरोना से सफलता पूर्वक जंग लड़ रहा है।
शनिवार शाम रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम परिसर में जरूरतमंदों को राशन वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। कहा कि कोरोना से जंग के साथ ही जरूरतमंद आमजन को भोजन, राशन तथा अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराना भी बड़ी चुनौती थी, लेकिन रामकृष्ण मिशन, शहर भर की अध्यात्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने प्रशासन को हर कदम पर सहयोग करके स्थितियों को सामान्य बनाने में अनुकरणीय सहयोग दिया। एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने कहा कि धर्मनगरी का सहयोग वाला रूप देखकर वे अभिभूत हैं। जिस तरह से सामाजिक संस्थाओं ने आमजन की मदद की है, वह अपने आप में प्रेरणा है। रामकृष्ण मिशन कनखल के सचिव स्वामी नित्यशुद्धानंद महाराज ने कहा कि जब कभी भी जरूरत महसूस हुई समाजसेवा के लिए रामकृष्ण मिशन आमजन के साथ खड़ा रहा। इस मौके पर स्वामी दयाधिपानंद सरस्वती, पूर्व पार्षद भूपेंद्र कुमार, शिखर पालीवाल, राधिका नागरथ आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व शुक्रवार को ज्वालापुर के पाबंद पांवधोई इलाके में भी मिशन के संतों ने राशन किट बांटी थी।