इंसाफ पाने के लिए ससुराल के बाहर बैठी महिला को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल ले जाने के विरोध में उतरे शहरवासियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा काटा। लोगों की पुलिस अधिकारियों से जमकर नोंकझोंक भी हुई। इधर, एसएसपी ने पूरे मामले में शिथिलता बरतने पर एसओ नत्थीलाल उनियाल को पुलिस कार्यालय अटैच कर दिया। मामले को तूल पकड़ने पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक भी शुक्रवार को मेयर मनोज गर्ग के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और महिला तथा उनके परिवार वालों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को इस बारे में कार्रवाई के भी आदेश दिए।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने जानकारी दी थी कि भ्रू्ण हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद महिला पूजा शर्मा ने ससुराल के बाहर से धरना खत्म कर दिया है और वह एक धर्मशाला में शिफ्ट हो गई है। देर रात पूजा शर्मा फिर से ससुराल के घर के बाहर पहुंच गई। देर रात पुलिस फोर्स ने महिला को हिरासत में ले लिया और जिला अस्पताल ले गई। महिला के समर्थन में कालोनीवासी भी एकत्र होकर जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां लोगों की एसपी सिटी ममता बोहरा, एसओ नत्थीलाल उनियाल से नोकझोंक हुई। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस बैकफुट पर आ गई। आखिर में एसपी सिटी के समक्ष महिला ने बताया कि वह स्वस्थ है और इलाज नहीं कराना चाहती है।
महिला के यह बात बोलने पर उसे जाने दिया गया। तब कही जाकर मामला शांत हुआ। इधर, एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने एसओ नत्थीलाल उनियाल को पुलिस कार्यालय अटैच कर दिया। उनके स्थान पर पीआरओ अनुज सिंह को कनखल भेजा गया है। एसपी सिटी ने बताया कि महिला जबरन ससुराल में घुसना चाह रही थी। कानूनी तौर पर सास- ससुर ने अपने बेटे को बेदखल किया हुआ है। वहीं शुक्रवार को भी सुबह से ही ससुराल वालों के घर के बाहर महिला के समर्थन में भारी भीड़ जुटी रही। दोपहर में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक महापौर मनोज गर्ग के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पूजा शर्मा तथा उनके परिजनों को इंसाफ का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा नेता नरेश शर्मा, संजीव चौधरी, अनुज वालिया, जेपी बडोनी, दुर्गावाहिनी की नेत्री ज्योति पाठक, दीपिका शर्मा, मंशा, पारुल आदि मौजूद रहे।
एसओ ने दे दिया था हटाने का पत्र
एसओ नत्थी लाल उनियाल ने करीब एक माह पूर्व ही एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को पत्र लिखकर हटा देने की मांग की थी। हालांकि एसएसपी ने अभी तक उनके पत्र पर संज्ञान नहीं लिया था। एसओ के खिलाफ पब्लिक डीलिंग की कई शिकायतें थी। रात का प्रकरण भी उन्हीं में से एक है। एसओ को पुलिस कार्यालय अटैच कर दिया गया है।
पूरे मामले पर एक नजर
कनखल की ज्ञान लोक कालोनी निवासी पूजा शर्मा अपनी बेटी आनंता, मां संध्या शर्मा के साथ पिछले कई दिन से अपने ससुराल के बाहर धरने पर बैठी थी। आरोप था कि उसके पति को चौदह महीने से कुछ अता पता नहीं है। ससुराल पक्ष उसके संपर्क में है और उसे जो मोबाइल फोन नंबर दिया है वह भी स्विच ऑफ ही रहता है। पुलिस के सक्रिय होने पर पता चला था कि पति शरद शर्मा दुबई में है। तय भी हो गया था कि वह दो जून को यहां पहुंच जाएगा लेकिन विवाहिता टस से मस नहीं हुई थी। आखिर में विवाहिता की ओर से पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ भू्रण हत्या का केस दर्ज करा दिया। आरोप है कि उसका कई बार गर्भपात कराया गया क्योंकि ससुराल पक्ष को बेटा चाहिए था।