तापमान गिरा, चिकित्सक डॉ. पवन ने दी विशेष स्वास्थ्य सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
सप्तऋषि। उत्तरी हरिद्वार के समूचे क्षेत्र में हुई बारिश के बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। इस मौसमी बदलाव के कारण सुबह और शाम के समय अच्छी ठंडक महसूस होने लगी है। बारिश से पहले जहां लोग हल्के और आधी आस्तीन के कपड़ों में नजर आ रहे थे, वहीं अब ठंड से बचने के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं। यह बदलता मौसम स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद संवेदनशील है।
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भूपतवाला के अधीक्षक डॉ. पवन कार्की ने इस संबंध में विशेष स्वास्थ्य सलाह जारी की है। उन्होंने बताया कि मौसम के करवट लेने पर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बाल्यावस्था और वृद्धावस्था में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) अक्सर कमजोर होती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
बारिश के पानी में भीगने से सर्दी-खांसी या वायरल बुखार होने की आशंका बढ़ जाती है। बताया कि सुबह-शाम की ठंडक से बचने के लिए बच्चों और वृद्ध जनों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाएं। खान-पान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। हल्का, गर्म और सुपाच्य भोजन लें तथा साफ पानी का सेवन करें। इसके साथ ही बदलते मौसम की असावधानी बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।