अपर रोड पर रविवार दोपहर एक आठ वर्षीय बालक के अपरहण का आरोप लगाते हुए एक विक्षिप्त की पिटाई कर दी गई, लेकिन पुलिस पड़ताल में मामला अपरहण का नहीं बल्कि मारपीट का निकलकर आया।
पुलिस अब विक्षिप्त युवक के परिजन की तलाश कर रही है। दोपहर करीब डेढ़ बजे मानसरोवर होटल के पास एक आठ साल के बालक के चीखने चिल्लाने पर एकत्र हुए लोगों ने एक विक्षिप्त की पिटाई कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले आई, लेकिन पुलिस की पड़ताल में मामला मारपीट का निकलकर आया। एसएसआई गिरिश चंद्र शर्मा ने बताया कि लक्सर के गांव रायसी का रहने वाला हर्षित गोयल पुत्र विपिन गोयल यहां अपर रोड पर अपने ननिहाल में आया हुआ था। उसने विक्षिप्त को कुछ कह दिया था। तभी विक्षिप्त ने उसके एक थप्पड़ जड़ दिया। इसपर बालक भाग गया तब एकत्र हुए राहगीरों ने मामला अपहरण का समझकर विक्षिप्त की पिटाई कर दी। बताया कि बालक की बहन यामिनी गोयल पीआरडी जवान है। इस संबंध में कोई लिखित में शिकायत नहीं दी गई है। युवक भी अपर रोड के एक होटल में कार्यरत था, लेकिन आजकल उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। युवक के परिजन को खोज रहे हैं। फिर उसे उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।