मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नोटबंदी को लेकर देशभर में मची अफरा-तफरी को लेकर केंद्र सरकार पर बेहतर योजना नहीं बनाने का आरोप लगाया है। कहा कि बेहतर प्लानिंग के अभाव में ही लोगों को परेशान होना पड़ रहा है सरकार को इस स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कालेधन तथा आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के इस कदम के कांग्रेस पूरी तरह साथ है।
शनिवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ करने आए मुख्यमंत्री हरीश रावत पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और काला धन को लेकर जो फैसला केंद्र सरकार ने लिया है वह सराहनीय है। कांग्रेस इसके लिए सरकार के साथ है, लेकिन पांच सौ तथा हजार रुपये का नोट बंद करके सरकार दो हजार का नोट चलाकर कैसे काले धन पर पार पा सकती है यह समझ से परे है। केंद्र सरकार को चाहिए था कि वह इस फैसले को लागू करने से पहले बेहतर होमवर्क करती।
उन्होंने भाजपा की ओर से निकाली जा रही परिवर्तन यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा का परिवर्तन नहीं प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। जिस तरह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई राज्य सरकार को अस्थिर करने का भाजपा ने प्रयास किया वह अशोभनीय था जनता उसे अभी भूली नहीं है। चुनावों में इसका जवाब भी जनता लेगी। कांग्रेस की सतत विकास संकल्प यात्रा के बारे में उन्होंने कहा कि विकास से कांग्रेस का पुराना नाता है। विकास को लेकर ही हम जनता के बीच जाएंगे। हरिद्वार में प्रारंभ हुई राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए आयोजकों का आभार जताया और दावा किया कि यह प्रतियोगिता उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के लिए अहम भूमिका निभएगी। खेल प्रतिभाओं को इससे प्रोत्साहन मिलेगा।