तीर्थ पुरोहित अमित झा के हुई नवजात बेटी ।
- फोटो : HARIDWAR
बेटियां बोझ नहीं दो कुल का अभिमान और घर-आंगन की शान हैं। तीर्थ पुरोहित अमित झा के परिवार से बेहतर इसे कौन समझ सकता है। तीर्थ पुरोहित अमित झा की पुत्री पैदा होने पर कुनबा जश्न में डूबा है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के ठीक एक दिन बाद नवजात बेटी के अस्पताल से घर पहुंचने पर झा परिवार ने ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। मोहल्ले में मिठाइयां बांटी गई।
ज्वालापुर पैठ बाजार निवासी अमित झा तीर्थ पुरोहित हैं। अमित का नौ साल का बेटा है। पत्नी पूजा गृहणी है। अमित तीन भाइयों में सबसे छोटा है। चाचा-ताऊ और भाइयों की रसोई भले ही अलग-अलग हैं, लेकिन परिवार संयुक्त रूप से एक ही परिसर में रहता है। झा परिवार के कुनबे में शुक्रवार को नवीं पुत्री पैदा हुई है। आर्यनगर चौक स्थित एक निजी अस्पताल में पुत्री पैदा होने से झा कुनबे में जश्न का माहौल है। सोमवार को अमित की पत्नी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर नवजात पुत्री के साथ घर पहुंची। घर पहुंचते ही बैंड और ढोल के साथ झा परिवार ने नवजात पुत्री का स्वागत किया। फूलों की बारिश की गई। मोहल्ले के लोग भी काफी एकत्र थे। झा परिवार ने पुत्री होने की खुशी में मिठाइयां बांटी। पिता अमित ने बताया कि बेटियां नसीब वालों को ही मिलती हैं। वह खुशनसीब हैं कि मां गंगा के आशीर्वाद से पुत्री के रूप में लक्ष्मी मिली है। अमित ने बताया कि झा परिवार के कुनबे में नवीं बेटी पैदा होने से परिवार में जश्न मनाया है।