हरिद्वार/बहादराबाद। बहादराबाद थाना क्षेत्र में हाईवे पर डाक कांवड़ यात्री की बाइक में एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी, जिससे यात्री घायल हो गया। इससे गुस्साए कांवड़ यात्रियों ने हंगामा कर बस में तोड़फोड़ कर दी और मौके पर जमकर हंगामा किया। चालक-परिचालक को बाहर निकालकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे कांवड़ को समझाकर शांत कराया। घायल कांवड़ यात्री को उपचार के लिए अस्पताल में भिजवाया है। बस को सीज कर दिया गया है। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला शनिवार की सुबह का है। फतेहगढ़ पंजाब से आए कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की तरफ लौट रहे थे। बहादराबाद क्षेत्र में रतमऊ नदी पुल के पास देहरादून से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस ने पीछे से कांवड़ यात्री की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे कांवड़ लेकर लौट रहा उमेश पाल पुत्र मोहनलाल निवासी पंजाब गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर अन्य कांवड़ यात्री भी रुक गए और उन्होंने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बस के कई शीशे तोड़ डाले। चालक और परिचालक को भी नीचे उतारकर पिटाई कर दी। हंगामा होने से जाम भी लग गया।
सूचना मिलने पर शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे कांवड़ यात्रियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। इस बीच एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र मेहरा भी मौके पर पहुंच गए। बामुश्किल कांवड़ियों को शांत कराया। पुलिस ने घायल यात्री को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भिजवाया और यातायात सुचारू करवाया। चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि वाहन सीज कर दिया गया है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।