हरिद्वार। दूसरी जाति में बहन की शादी युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने बहन के पति पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले कार से टक्कर मारी, फिर धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, भेल सेक्टर चार निवासी विवाहिता कामिनी थपलियाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो दिन पहले उसका पति विक्रांत कश्यप सिडकुल बाइपास से घर लौट रहा था। इसी दौरान पथरी पावर हाउस के पास उसके भाई बसंत कुमार निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद ने विक्रांत की कार को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया।
इसके बाद वह धारदार हथियार लेकर विक्रांत पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोटें आईं, 15 से ज्यादा टांके लगाने पड़े।
कामिनी ने बताया कि उसकी दूसरी जाति में शादी से उसका भाई नाराज चल रहा है और पहले भी विक्रांत, उसकी बहन व जीजा को धमकियां दे चुका है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि बसंत कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।