हरिद्वार। बृहस्पतिवार देर शाम को मातृसदन से कुछ दूरी पर गंगा किनारे दो लोगों के कपड़े, जूते, नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल बरामद हुई। बताया जाता है कि यह सामान जीजा-साले का है। दोनों के गंगा में डूबने की आशंका के चलते दिनभर जल पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
ज्वालापुर के मोहल्ला कड़च्छ के रहने वाले अजय के घर उनका साला मनीष निवासी कोटद्वार जिला पौड़ी गढ़वाल से आया हुआ था। बताते हैं कि मनीष को बृहस्पतिवार को किसी परीक्षा में शामिल होना था और जीजा उसे छोड़ने गया था। बृहस्पतिवार शाम मातृ सदन आश्रम के पास एक बाग के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी कि दो युवक गंगा की तरफ गए थे पर कई घंटे बीतने पर भी वापस नहीं लौटे। उनकी मोटरसाइकिल, कपड़े, सामान लावारिस पड़ा है। सूचना पर चौकी प्रभारी ओमकांत भूषण पहुंचे। मौके पर मिले आई प्रूफ के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क साधा। शुक्रवार सुबह जल पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। चौकी प्रभारी ने बताया कि जीजा साले के गंगा में डूबने की आशंका है।