जुर्स कंट्री में दिनदहाड़े चार फ्लैटों के ताले तोड़कर नकदी और आभूषण के साथ अन्य सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची ज्वालापुर ने सीसीटीवी खंगाले और जांच शुरू कर दी है।
घटना बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार दो युवक जुर्स कंट्री में बंद पड़े फ्लैटों में ताला तोड़कर घुस गए। चोरी का पता दोपहर बाद तब चला जब फ्लैट में किराये पर रहने वाले लोग अपने कामकाज से लौटे। उन्होंने देखा कि फ्लैटों के ताले टूटे हुए हैं। दिवाकर चौधरी के फ्लैट नंबर 615 से सोने के जेवर, नकदी, ममता गर्ग के फ्लैट नंबर 303 से 25 हजार की नकदी और जेवर, विकास गर्ग के 606 फ्लैट में लैपटॉप और नकदी समेत अन्य सामान गायब था। अनिल माटा के फ्लैट 512 का ताला तोड़ा, लेकिन चोरों को यहां से कुछ हाथ नहीं लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी योगेश देव, एसएसआई विकास भारद्वाज ने जुर्स कंट्री में लगे सीसीटीवी खंगाले। दो संदिग्ध लोग दोपहर करीब 12 बजे सामान लेकर जाते दिख रहे हैं। पुलिस ने बताया कि दिवाकर चौधरी एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं। ममता गर्ग गुरुकुल महाविद्यालय के स्टॉफ में है और विकास शर्मा निजी कंपनी में काम करते हैं। कोतवाली प्रभारी योगेश देव ने बताया सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस पर ही उठे सवाल
जुर्स कंट्री में करीब 1300 फ्लैट हैं। सोसायटी भी बनी है। हाई प्रोफाइल सोसाइटी में हुई चोरी की घटना को स्थानीय पुलिस ने कई घंटों तक दबाए रखा। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी घंटों बाद दी।