- ओपीडी में आने वाले मरीजों को मिली राहत
- एक्सरे व अल्ट्रासाउंड का भी जल्द मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। राजकीय मेडिकल कॉलेज में रक्त की जांच शुरू हो गई है। इससे ओपीडी में आने वाले मरीजों को राहत मिल गई है। उम्मीद है कि एक्सरे और अल्ट्रासाउंड का लाभ भी जल्द मिलेगा।
लक्सर रोड स्थित जगजीतपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में जुलाई से नियमित ओपीडी चल रही है। ओपीडी में रोजाना 100 से 150 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इन्हें डॉक्टरों की ओर से निशुल्क परामर्श और दवाएं दी जा रही हैं। ओपीडी चलने से मरीजों को गंभीर बीमारियों के लिए देहरादून मेडिकल कॉलेज और ऋषिकेश एम्स में जाने से पीछा छूट रहा है, लेकिन, मरीजों के खून की जांच शुरू नहीं हो पाई थी।
इस कारण मरीजों को डॉक्टरों की सलाह पर खून की जांच के लिए बाहर की दौड़ लगानी पड़ रही थी। उन्हें ब्लड जांच कराने के लिए करीब आठ किलोमीटर दूर शहर में स्थित जिला अस्पताल, मेला अस्पताल अथवा निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा था।
इसको देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से रक्त की जांच शुरू कर दी गई है। रक्त की जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को डॉक्टरों की सलाह पर भटकना नहीं पड़ रहा है। उनकी मेडिकल कॉलेज में ही रक्त की जांच हो जा रही है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज सिंह का कहना है कि रक्त की जांच शुरू होने से मरीजों को फायदा होगा। उनका कहना है कि अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में एक्सरे और अल्ट्रासाउंड भी शुरू कर दिए जाएंगे।