हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता रण?
- फोटो : HARIDWAR
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा ने धर्मनगरी हरिद्वार को नशे की गर्त में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि पावन नगरी हरिद्वार जहां समुद्र मंथन से निकला अमृत छलका, पापनाशनी, मोक्षदायिनी मां गंगा की अविरल धारा बहती हो, ऐसा धार्मिक धाम को भाजपा ने शराब, चरस, गांजा, स्मैक जैसे मादक पदार्थों के दलदल में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि बीते महाकुंभ में भाजपा सरकार की सरपरस्ती में कोरोना की विभीषिका में खुला भ्रष्टाचारी का खेल खेला गया।
रानीपुर मोड़ स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि अवैध नशे के माफिया ने पवित्र धाम की पीढ़ियों को बर्बाद करने का षड्यंत्र किया है। कांग्रेस पार्टी संकल्प लेती है कि उसे जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। मादक पदार्थ के माफिया की रूह कांप जाए, ऐसा कड़ा दंड देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नाक के नीचे ड्रग्स तस्करों का बोलबाला है। सरकार संगठित माफिया को पकड़ने की बजाय छोटे-मोटे तस्करों को पकड़कर खानापूर्ति कर रही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की विभीषिका में भाजपा सरकार की नाक के नीचे नकली रेमेडिशिविर इंजेक्शन बनाए गए। दिल्ली पुलिस ने कोटद्वार में नकली इंजेक्शन बनाने की फैक्टरी पकड़ी। भाजपा सरकार ने कुंभ मेले के दौरान 11 लैब को कोविड के टेस्ट का ठेका दिया। मगर लाखों फर्जी टेस्ट केवल कागजों में हुए। पैसा डकार लिया गया। वहीं श्रद्धालुओं व उनके परिवारों की जिंदगी को महामारी की आग में झोंक दिया।
उन्होंने कहा कि शराब से लेकर सब भ्रष्टाचार भाजपा सरकार में खुलेआम फलफूल रहा है। साफ है कि भाजपा की सीधी मिलीभगत के बगैर यह संभव नहीं। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी, मेयर अनिता शर्मा, जिला पंचायत सदस्य लालढांग प्रतिनिधि व वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरजीत सिंह लहरी, विभाष मिश्रा, अनिल भास्कर, कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश सचिव शुभम जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।