श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे पर रसियाबढ़ चौक के पास रविवार रात एक वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शादाब (27) पुत्र साजिद निवासी शाहपुर यूपी अपनी बाइक से नजीबाबाद की ओर से हरिद्वार की तरफ जा रहा था। रसियाबढ़ चौक के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार मैक्स वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शादाब गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।