नालों की सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति हो रही है। भीमगोड़ा में बरसात होते ही सफाई के दावों की पोल खुल गई। भीमगोड़ा बैरियर से हिल बाईपास तक जाने वाले मुख्य नाला गंदगी से अटा है। बारिश होते ही पहाड़ों से सिल्ट बहकर आने से और ज्यादा समस्या खड़ी हो रही है। गंदगी लोगों के घरों और दुकानों में घुस रही है।
भीमगोड़ा नई बस्ती का मुख्य नाला भीमगोड़ा बैरियर से शुरू होकर हिल बाईपास तक जाता है। इसमें श्याम फ्लोर मिल के निकट गोसाईं गली से आने वाला नाला भी मिल रहा है। नाला गंदगी से अटा पड़ा है। जबकि कई जगह सीवर लाइन भी बंद है। पूर्व पार्षद ने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की थी। जिसके बाद सफाई की औपचारिकता तो करा दी गई थी। पर सही ढंग से सफाई न होने से बारिश होते ही जलभराव होने से दावों की पोल खुल गई।
शंकर आश्रम के निकट का नाला, खेमानंद मार्ग पर अंबा दत्त जोशी के मकान से चक्की वाले प्लांट की ओर जाने वाला छोटा नाला, रामगढ़ का नाला, जगदीश आश्रम के साथ हिल बाईपास रोड खड़खड़ी का नाला और भीमगोड़ा से बागरौ नदी तक सड़क के किनारे के नालों की स्थिति भी यही है।
नालों की सफाई सही ढंग से नहीं हो पाई। जिसका खामियाजा लोगों को बारिश होते ही भुगतना पड़ रहा है। पहाड़ों से सिल्ट बहकर आने से परेशानी खड़ी होती है।
- लाखन लाल चौहान, पूर्व पार्षद
नगर निगम प्रशासन ने नालों की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की है। उत्तरी हरिद्वार के साथ ही मध्य हरिद्वार व अन्य इलाकों में बारिश होते ही नालों की गंदगी निकलकर सड़क पर आ रही है।
- महेश गुप्ता
अब नालों की तली झाड़ सफाई नहीं की जाती है। ऊपर से ही केवल सफाई कर खानापूर्ति कर ली जाती है। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है।
- विनोद घिल्डियाल
भीमगोड़ा के मुख्य नाले की सफाई सही ढंग से नहीं होने से जलभराव की समस्या लोगों को झेलनी पड़ रही है। अब कुछ दिन पहले सफाई हुई भी तो केवल खानापूर्ति पूरी कर ली गई।
- आशीष गौड़
नाला गैंग ने शहर के सभी नालों की सफाई का कार्य किया है। जिन स्थानों पर नालों की सफाई न होने की शिकायत थी वहां भी सफाई करवा दी गई थी। सफाई को लेकर मौका मुआयना किया जाएगा।
- अनीता शर्मा, मेयर हरिद्वार