भूकंप आपदा से त्रस्त नेपाल में राहत कार्यों के बाद शांतिकुंज की आपदा प्रबंधन टीम वापस लौट आई है। नेपाल में भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये मूल्य की राहत सामग्री का भी वितरण प्रभावित स्थानों पर किया गया।
दल के सदस्यों ने कंधे पर राहत सामग्री लादकर पहाड़ियों से गुजरते हुए भूकंप प्रभावित गांवों में मदद पहुंचाई। शांतिकुंज के एक हजार सदस्यों ने करीब दो माह तक राहत अभियान चलाया। राहत के लिए नेपाल के काठमांडू, भक्तपुर, धोलखा, गौरखा, सिंधुपाल चौक सहित नौ केंद्र बनाए गए थे।
गायत्री परिवार प्रमुख डा. प्रणव पंड्या ने बताया कि नेपाल में भूकंप के दूसरे दिन से सक्रिय हुए सदस्यों ने आपदा राहत कार्यों में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल और उत्तराखंड में आई आपदा से प्रभावित हुए लोगों की मदद के लिए पुनर्वास कार्य चलते रहेंगे।
आपदा प्रबंधन दल के सदस्य राकेश जायसवाल ने बताया कि करीब 100 ग्राम समितियों के सहयोग से लगभग एक हजार गांवों में सर्वे का कार्य हुआ है। जहां राहत और पुनर्वास का कार्य किया जाएगा।