- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में घर में घुसकर युवती के अपहरण के प्रयास करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवक युवती को जबरन घसीटते हुए बाइक पर ले जाने लगे। शोर मचाने पर परिवार की महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। आसपास के लोगों के जुटने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवती निवासी ताजपुर कलां थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर यूपी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 21 मार्च को अपनी बुआ के घर ग्राम आनेकी हेतमपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। आरोप लगाया कि तीन अप्रैल की दोपहर विनीत निवासी पाडली गुर्जर रुड़की, सुधांशु निवासी रावली महदूद सिडकुल, विशू निवासी ताजपुर थाना छपार मुजफ्फरनगर व दो अज्ञात युवक घर में घुस आए और अपहरण की नीयत से उसे बाल पकड़कर बाहर खींचने लगे। शोर मचाने पर बहन और बुआ की बेटी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि लोहे की रॉड से हमला कर बहन को घायल कर दिया और तीनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवती को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे लेकिन शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ को आता देख आरोपी उसे जान से मारने और दोबारा उठाकर ले जाने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि इस संबंध में तहरीर प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है।