ज्वालापुर के मोहल्ला कस्साबान में पंपिंग स्टेशन से शटरिंग प्लेटें चोरी होने की सूचना पर पहुंचे दो कांस्टेबलों पर एक युवक ने कुछ साथियों के साथ हमले की कोशिश की। पुलिस ने मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य कई लोग भाग निकले। पुलिस ने फिलहाल मामले में केस दर्ज नहीं किया है।
मंगलवार दोपहर करीब बारह बजे पुलिस को सूचना मिली की मोहल्ला कस्साबान के पास बने नए पंपिंग स्टेशन से शटरिंग प्लेटें चोरी की जा रही है। सूचना पर चेतक सवार कांस्टेबल निर्मल रागड़ और रविंद्र नेगी पहुंच गए। पुलिसकर्मी अभी प्लेटें उतार रहे ठेकेदार से बातचीत ही कर रहे थे कि एक व्यक्ति बीच में कूद पड़ा। आरोप है कि उक्त व्यक्ति के साथ रहे चार पांच लोगों ने पुलिसकर्मियों को भला बुरा कहते हुए तमाम आरोप जड़ दिए। इसी दौरान पेशे से कबाड़ी एक व्यक्ति ने हाथ में डंडा उठाकर उनपर हमले की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली में दी। सूचना मिलने पर एसआई दीपक चौधरी की अगुवाई में पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने डंडा दिखा रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया जबकि अन्य लोग भाग खड़े हुए। फिर हिरासत में लिए गए व्यक्ति को कोतवाली लाया गया। एसएसआई विकास भारद्वाज ने बताया कि इस व्यक्ति के साथ शामिल रहे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। यह लोग बेवजह पुलिसकर्मियों से उलझ रहे थे। फिलहाल इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।