बहादराबाद। थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक एंबुलेंस में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। अग्निशमन विभाग और पुलिस ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात पतंजलि योगपीठ की एक मिनी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। बताया गया कि एंबुलेंस पतंजलि योगपीठ फेस-1 से फेस-2 के लिए जा रही थी। तभी अचानक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद ड्राइवर ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि लोग आग बुझाने के लिए पास जाने की हिम्मत तक नहीं कर सके।
जानकारी मिलते ही शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पतंजलि योगपीठ के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर बामुश्किल काबू पा लिया गया। थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। संभवत: शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।