चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन करते आप पार्टी के पदाधिकारी ।
- फोटो : HARIDWAR
अग्निपथ योजना के विरोध में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका। कहा कि योजना युवाओं को भूतपूर्व सैनिक बनाने की अभूतपूर्व योजना है।
आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष संजय सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर सत्ता में आई। आठ वर्षों में रोजगार देना तो दूर सरकारी उपक्रमों को बेचा जा रहा है। युवाओं की भावनाओं पर कुठाराघात किया है।
प्रदेश प्रवक्ता हेमा भंडारी ने कहा कि अग्निपथ योजना जवानी में भूतपूर्व सैनिक बनाने की अभूतपूर्व योजना है। सरकार बंद कमरे में योजना बनाती है और जनता पर थोप दी जाती है। जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है।
हेमा भंडारी ने कहा कि सरकार की नोटबंदी अर्थशास्त्रियों को समझ नहीं आई। जीएसटी व्यापारियों की समझ में नहीं आई। कृषि कानून किसानों की समझ में नहीं आया। अग्निपथ योजना युवाओं की समझ में नहीं आ रही। संजय सैनी ने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के साथ छलावा है। प्रदर्शन करने वालों में नवीन मारिया, श्रवण गुप्ता, मयंक गुप्ता, यशपाल चौहान, संजू नारंग, अंशुल शर्मा, खालिद हसन, परवीन कुमार आदि मौजूद रहे।