हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में फैक्टरी में नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली की युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर लगातार दुष्कर्म करता रहा। फिर अपनी महिला मित्र के जरिये पीड़िता को ब्लैकमेल कराते हुए रुपयों की मांग की। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी को महरौली नई दिल्ली निवासी महिला ने शिकायत दी थी। आरोप लगाया था कि 2021 से एक कंपनी में कार्यरत थी।
इस बीच उसकी मुलाकात ललित कुमार खारी उर्फ रोबिन निवासी शिवालिक नगर से हुई थी। उसने 2022 में खुद को फैक्टरी मालिक बताकर अच्छी नौकरी दिलाने का लालच देकर एक कमरे में ले जाकर उसे नशीली चाय पिलाकर दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। फिर उससे दुष्कर्म करता रहा।
आरोप है कि अपने परिचितों से भी संबंध बनाने के लिए दबाव बनाकर जिस्मफरोशी में धकेलने की कोशिश की। इससे परेशान होकर दिल्ली लौट गई थी। आरोप है कि रोबिन की परिचित महिला ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उसे धमकी दी। रोबिन से संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। साथ ही दो लाख रुपये मांगे।
पुलिस ने दुष्कर्म सहित प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी ललित खारी को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।